ढांड। हरियाणा के वरिष्ठ कांग्रस नेता रणदीप सुरजेवाला ने ढांड अनाज मंडी का दौरा कर खरीफ सीजन की सरकारी खरीद और किसानों की समस्याओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल खरीदने के वादे खोखले साबित हो रहे हैं।
सुरजेवाला ने बताया कि 10 जिलों की मंडियों में लगभग 5 लाख मीट्रिक टन धान सड़ रहा है, जबकि छह जिलों में खरीद शुरू नहीं हुई। एमएसपी से भी कम कीमत पर किसानों को मजबूरन धान बेचने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि डीएपी खाद की कमी से गेहूं बुआई प्रभावित हुई और निजी दुकानों पर खाद कालाबाजारी में 1,950 रुपये प्रति बैग में बिक रही है, जबकि सरकारी दर केवल 1,350 रुपये है।
सुरजेवाला ने सरकार से मांग की कि धान 2,369 और बाजरा 2,775 रुपये प्रति क्विंटल पर बिना किसी बहाने खरीदा जाए, ताकि किसानों को उनका हक मिल सके। उन्होंने कहा कि किसानों का बाढ़ मुआवजा बाकी है और खाद की कालाबाजारी उन्हें और परेशान कर रही है।