कैथल। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता व मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा में शराब घोटाले की परतें उजागर हो चुकी हैं, लेकिन जान बूझकर शराब घोटाले पर पर्दा डालने की साजिश की जा रही है। मुख्यमंत्री की शराब घोटाले पर पूर्णतया चुप्पी कहीं न कहीं मामले को रफा-दफा करने बारे मूक सहमति को जताती है। उन्होंने कहा कि शराब घोटाले में स्पेशल इनवेस्टिगेशन टीम को खारिज कर स्पेशल इंक्वायरी टीम का गठन किया गया, जबकि स्पेशल इनवेस्टिगेशन टीम शराब घोटाले की तह तक जाकर पड़ताल कर सकती थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा बनाई गई स्पेशल इंक्वायरी टीम के एडीजीपी सुभाष यादव तो 31 मई को ही 15 दिन में रिटायर हो जाएंगे, तो ऐसे में पूरे प्रदेश में फैले शराब घोटाले की जांच कैसे होगी। सरकार के 5.5 वर्षों में किसी मामले या घोटाले की जांच न संपूर्ण हुई और न ही नतीजा सामने आया। ऐसे ही मौजूदा शराब घोटाला भी लीपा-पोती व जांच पर परदा डालने की नीति की भेंट चढ़ जाएगा।