संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में पीएम मोदी की रैली के बाद रामपाल कश्यप ने भाजपा के स्थानीय नेताओं पर पुराने कार्यकर्ताओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।
रामपाल का कहना है कि वे रैली से पहले पास बनवाने के लिए भाजपा दफ्तर के चक्कर काटते रहे, लेकिन उनका पास नहीं बनाया गया। उन्होंने बताया कि जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी ने पास बनवाने के लिए दफ्तर आने को कहा, लेकिन बावजूद इसके पास नहीं बनाया गया। रामपाल ने कहा कि जिला में पार्टी के पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को तवज्जो नहीं दी जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा जिला नेतृत्व पार्टी को कमजोर करने का काम कर रहा है। चेतावनी दी कि यह स्थिति रही, तो जिले से भाजपा का सफाया होना तय है। उन्होंने 2019 के चुनाव का उदाहरण देते हुए बताया कि तब कैथल जिला से भाजपा के दो विधायक थे, लेकिन अब उनकी संख्या घटकर एक रह गई है।
सुरक्षा कारणों से नहीं बना पास ः ज्योति सैनी
कैथल। जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी ने इस मुद्दे पर कहा कि सुरक्षा कारणों से इस बार सामान्य प्रक्रिया के तहत पास नहीं बनाए गए। साथ ही उन्होंने रामपाल कश्यप को पार्टी का वरिष्ठ कार्यकर्ता मानते हुए सम्मान जताया।
दूसरी ओर रामपाल कश्यप ने कैथल एसपी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एसपी ने उन्हें पीएम मोदी से मिलवाने की कोशिश की, लेकिन पीएम के व्यस्त कार्यक्रम के कारण मुलाकात नहीं हो पाई। रामपाल ने बताया कि वे इस पूरे प्रकरण को लेकर दिल्ली जाकर पीएम मोदी से मिलेंगे और अपनी समस्याएं सीधे उनके समक्ष रखेंगे।
गौरतलब है कि पीएम मोदी ने 14 अप्रैल को यमुनानगर में रामपाल कश्यप को जूते पहनाए थे। संवाद