कैथल। सेक्टर 19 के हुडा मैदान में राजपूत समाज की तरफ से क्षत्रिय सम्राट मिहिर भोज संघर्ष समिति के बैनर तले आयोजित क्षत्रिय महाकुंभ व स्वाभिमान यात्रा से समाज ने विशाल शक्ति प्रदर्शन प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने सरकार पर इतिहास से छेड़छाड़ का आरोप लगाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर्नल वीर देवेंद्र सिंह व शेर सिंह राणा ने की। कार्यक्रम में प्रदेश सहित पूरे उत्तर भारत से राजपूत समाज के लोग पहुंचे। मंच पर दीप प्रज्जवल से कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम के दौरान सबसे पहले समाज के नेता शेर सिंह राणा ने कहा कि कैथल में 19 जुलाई को हुआ प्रकरण समाज को याद है। आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार इतिहास की चोरी कर रही है। इससे हमारे महापुरुषों को भी पीड़ा हो रही है। उन्हें भी लगता होगा कि जन्म कहां लिया और उनका जन्म दिखाया कहां जा रहा है। समाज के प्रयास करने के बाद उम्मीद थी कि इतिहास से छेड़छाड़ नहीं होगी परंतु उनकी उम्मीदों पर पानी फिरा है। समाज का अपमान सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले भी ऐसे प्रकरण हुए हैं। उनकी केवल एक ही मांग है कि उनके समाज के इतिहास चोरी न हो।