राजौंद। अनाज मंडी राजौंद में 1 अप्रैल से शुरू होने वाली गेहूं की सरकारी खरीद केलिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंडी परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, बिजली आदि व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली गई हैं।
निरीक्षण के दौरान मंडी में व्यवस्थाएं लगभग पूरी नजर आईं। मार्केट कमेटी सचिव ओम प्रकाश ने बताया कि गेहूं की खरीद निर्धारित समय पर शुरू कर दी जाएगी। सरसों की खरीद के लिए भी मंडी में अलग से सेंटर स्थापित किया गया है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने बताया कि मौसम के कारण इस बार गेहूं की फसल मंडी में थोड़ी देरी से आने की संभावना है, लेकिन खरीद प्रक्रिया को लेकर सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई हैं। मंडी में पानी, बिजली, शेड और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया गया है।
सचिव ने किसानों से अपील की कि वे अपनी फसल को अच्छी तरह साफ व सुखाकर ही मंडी में लाएं, ताकि खरीद के दौरान किसी प्रकार की कटौती या परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों को खरीद के दौरान किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी और उनकी उपज का समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। संवाद