विजेता खिलाड़ी कोच एवं डीपीई के साथ। विज्ञप्ति
कैथल। दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में 23 से 28 अक्तूबर तक आयोजित नेशनल स्कूल गेम्स में कैथल के दो खिलाड़ियों ने कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। अंडर-14 आयु वर्ग की प्रतियोगिता में रजनी ने 23 किलोग्राम और तरुण ने 35 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। टीम के चीफ डी मिशन एवं एईईओ कुलदीप ने बताया कि दोनों खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया।
रजनी गांव हजवाना में नर्सरी कोच हरजीत के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही है। तरुण छोटूराम इंडोर स्टेडियम में कोच जोगिंदर की देखरेख में अभ्यास करता है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि में उनके नियमित अभ्यास और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन की अहम भूमिका रही। प्रतियोगिता में टीम के कोच संदीप कुमार डीपीई, इंदिरा, अशोक शर्मा और अनिल कुमार रहे। दोनों खिलाड़ियों की सफलता पर जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार, उप जिला शिक्षा अधिकारी जय भगवान, एईओ रमेश चहल, शारीरिक शिक्षक संघ के प्रधान विजेंद्र, मनोज डीपी, गुरनाम, राजेंद्र मान, गुरमीत सिंह, रविंद्र भट्टी, फूल कुंडू, राकेश गिल और शिवदत्त ने बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे आगे भी बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे।
विजेता खिलाड़ी कोच एवं डीपीई के साथ। विज्ञप्ति