पूंडरी मार्ग पर बारिश के बाद बने गड्ढों में भरा पानी, कीचड़ के बीच से गुजरते वाहन चालक।
राजौंद। शहर के पूंडरी मार्ग की बदहाल स्थिति ने एक बार फिर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हल्की सी बरसात के बाद ही सड़क की हालत इतनी खराब हो गई है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। जगह-जगह गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग शहर का प्रमुख रास्ता है, जहां से रोजाना सैकड़ों वाहन गुजरते हैं लेकिन सड़क पर बने गड्ढों और कीचड़ के कारण आए दिन हादसे होने का खतरा बना रहता है। दोपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से दिक्कत झेलनी पड़ रही है, वहीं पैदल चलने वाले लोग भी कीचड़ से बचते-बचाते निकलने को मजबूर हैं।
लोगों ने बताया कि कई बार संबंधित विभाग को इस समस्या के बारे में अवगत कराया जा चुका है लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। बरसात के मौसम में यह समस्या और भी गंभीर रूप ले लेती है। शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस सड़क की मरम्मत करवाई जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके और संभावित हादसों से बचा जा सके।