संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। चीका में ड्रग कंट्रोल विभाग और स्टेट नारकोटिक सेल की टीम ने दो झोलाछापों की दुकानों पर दबिश दी। दोनों आरोपी स्वयं को डॉक्टर बताकर लोगों का इलाज कर रहे थे। इस संबंध में दोनों के खिलाफ चीका थाने में केस दर्ज किया गया है। दुकानें सील भी सील कर दी हैं।
नागरिक अस्पताल गुहला के इंचार्ज डॉ. अमन बंसल ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि शहर में भीम व संजीव नाम के दो लोग अवैध तरीके से बीमार लोगों का इलाज करते हैं। वे स्वयं को डिग्री होल्डर डॉक्टर बताते हैं। इस पर स्वास्थ्य विभाग की आरे से ड्रग कंट्रोल विभाग और स्टेट नारकोटिक सेल को सूचना दी गई।
जब उनकी टीमें मौके पर पहुंची तो पाया कि दोनों की दुकानों में दवाइयां, टीके, सीरिंज, बीपी ऑपरेटर समेत अन्य सामान पाया गया। इसके माध्यम से वे लोगों का इलाज कर रहे थे। जब आरोपियों से दस्तावेज मांगे गए तो कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। उनके पास लाइसेंस भी नहीं मिला।
विभागों की टीमों ने दोनों दुकानों को सील कर दिया और दवाओं को भी अंदर ही बंद कर दिया। चीका थाना प्रभारी बलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।