संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन/कैथल। सावन की शिवरात्रि पर बुधवार को शिवभक्तों का जोश देखने लायक था। मंदिरों में जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक के लिए कतारें लगा रहीं।
यह महीना शिवभक्तों के लिए आस्था, तपस्या और भक्ति का प्रतीक होता है। इस मौके पर नगर के सैकड़ों युवाओं ने हरिद्वार से कावड़ लाकर भोलेनाथ का जलाभिषेक किया लेकिन विशेष चर्चा का केंद्र बने 17 वर्षीय राहुल और रोहित, जिन्होंने अभूतपूर्व भक्ति और शक्ति का परिचय देते हुए सबसे भारी कावड़ उठाकर नगर में मिसाल कायम की।
राहुल ने 71 किलोग्राम वजनी कावड़ और रोहित ने 61 किलोग्राम की कावड़ उठाकर हरिद्वार से सीवन तक की कठिन पदयात्रा पूरी की। उनके साथ 15 वर्षीय गोपाल ने भी 31 किलोग्राम की कावड़ के साथ यात्रा में भाग लिया। इनके अलावा टोली में कई अन्य युवा भी थे, जिन्होंने 20 किलो तक की कावड़ उठाई।
इन सभी शिवभक्तों ने यह यात्रा आत्मीयता, अनुशासन और समर्पण के साथ पूरी की। सीवन पहुंचने पर भाईचारा संगठन के प्रधान और बजरंग दल के सदस्य रोहतास सिसोदिया ने इन युवाओं का भव्य स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इन युवाओं ने न केवल अपनी आस्था का परिचय दिया है, बल्कि पूरे नगर का नाम भी गौरवान्वित किया है।
राहुल और रोहित ने बताया कि उनकी टोली 14 जुलाई को सीवन से हरिद्वार रवाना हुई थी। अगले दिन उन्होंने कावड़ उठाई और लगातार पदयात्रा करते हुए शिवरात्रि के दिन नगर में पहुंचे। यह यात्रा न केवल शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण रही, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक धैर्य की भी एक प्रेरक मिसाल बनी।