संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। गुहला थाना क्षेत्र के एक गांव में 15 वर्षीय किशोरी के साथ पड़ोस के ही दो युवकों पर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। आरोप है कि दो युवकों ने पहले किशोरी के नहाते हुए की वीडियो बनाई और फिर ब्लैकमेल किया। इसके बाद रात के समय छत पर बुलाया और दोनों ने लड़की के साथ दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर जान से मारने और वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
इस संबंध में किशोरी के पिता ने गुहला थाने में दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी गांव के ही स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्रा है। 15 जुलाई को दिन के समय पड़ोस के ही दो युवकों ने नहाते समय उसकी बेटी का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और बेटी को वह वीडियो दिखाकर डराया। इसके बाद उसे ब्लैकमेल करते हुए धमकी दी।
पिता के आरोपों के मुताबिक, दोनों आरोपी युवकों ने बेटी को रात के समय छत पर आने के लिए मजबूर किया। रात को करीब 12 बजे दोनों ने लड़की को छत पर बुलाया और उसके साथ संबंध बनाया। बाद में इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
गुहला थाना की जांच अधिकारी सुदेश ने बताया कि किशोरी के पिता ने मामले को लेकर पुलिस को शिकायत दी है। इसके बाद पड़ोस के ही दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।