संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। किसानों को धान की किस्म 7501 का बीज लेने के लिए जबरदस्त मशक्कत करनी पड़ रही है। बीज के लिए किसान सुबह सात बजे ही आकर लाइन में लग जाते हैं। सुबह 10 बजे से तेज धूप में खिल जाती है।
ऐसे में किसानों को चार से पांच घंटों तक लाइन में लगने के बाद केवल एक ही थैली मिल पाती है। इस कारण किसान काफी परेशान नजर आ रहे हैं। आलम यह है कि धान के बीज की एक थैली के लिए भी किसानों को सुबह के समय लंबी कतार में लगना पड़ रहा है।
बीज लेने के लिए पहुंचे पुरुष किसानों को बीज बांटने के लिए पुलिस का सहारा भी लेना पड़ता है। को भी बुलाना पड़ रहा है। बीज लेने पहुंचे किसान कर्मा, महेंद्र, महाबीर आदि ने बताया कि वीरवार को सुबह सात बजे दुकान खुलने से पहले ही 7501 धान का बीज लेने के लिए लाइन में खड़े हो गए थे।
नाराज किसानों ने कहा कि बीज की अधिक मांग को देखते हुए किसानों को एक थैली ही दी गई। जो किसान अधिक खेती कर रहे हैं, उनको भी एक से दो थैली ही बीज की वितरित की जाती है।
धान पनीरी तैयार करने के लिए यही समय उपयुक्त
धान की पनीरी के लिए बिजाई के लिए मई माह का समय उपयुक्त है। पनीरी 30 से 35 दिनों में तैयार होती है। इसके बाद धान की रोपाई की जाती है। इसलिए किसानों को बीज मिल जाए, तो किसान समय पर धान लगा सकते हैं। सरकार को इसकी व्यवस्था करनी चाहिए। किसानों को परेशान करना ठीक नहीं है। -प्रदीप चहल, किसान।
कई घंटों की मशक्कत के बाद मिल रहा बीज-
जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया वैसे-वैसे गर्मी का प्रकोप बढ़ता गया, लेकिन उनका लक्ष्य बीज प्राप्त करना था। आखिरकार घंटों मशक्कत के बाद केवल एक ही थैली बीज की हाथ लगी। ना तो उसको छोड़ सकते हैं और ना ही उसको ले जाकर बो सकते हैं। क्योंकि एक थैली में तो एक एकड़ ही रोक सकते हैं। -महाबीर, किसान।