कैथल। हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन ने मांगों पर सरकार की ओर से ठोस कार्रवाई न होने पर आंदोलन तेज करने का फैसला लिया है। राज्य प्रधान गंगा राम मौन और महासचिव जरनैल सिंह ने बताया कि 2 सितंबर को फरीदाबाद में हुई राज्य कार्यकारिणी की बैठक में आंदोलन की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि 8 जुलाई को सिंचाई मंत्री से हुई बातचीत सकारात्मक रही थी लेकिन सहमति वाले मुद्दों पर अब तक बैठक की कार्यवाही और परिपत्र जारी नहीं हुए। जन स्वास्थ्य एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री के साथ 28 जुलाई की बैठक पर भी संगठन ने असंतोष जताया। यूनियन ने आरोप लगाया कि विभागों के निजीकरण, पदों की समाप्ति, सेवा नियमों, वेतन विसंगतियों और कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने जैसे मुद्दों पर समाधान नहीं हुआ। संगठन के अनुसार 7 से 11 सितंबर तक जिलों में विस्तारित बैठकें होंगी। 15 से 18 सितंबर तक सर्कल स्तर पर प्रदर्शन कर ज्ञापन दिए जाएंगे और पुतला दहन किया जाएगा। समाधान नहीं हुआ तो 24 अक्तूबर को हिसार में जन स्वास्थ्य मंत्री के कैंप कार्यालय पर आंदोलन शुरू किया जाएगा।