संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने सोमवार को गांव फतेहपुर पहुंचे। यहां महाग्राम सीवरेज निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान कार्य की गति धीमी व लापरवाही मिली। इससे नाराज मंत्री ने एसडीओ जगदीश और जेई शैलेंद्र को रूल 7 के तहत चार्जशीट देने के आदेश विभागीय अधिकारियों को दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो अधिकारी और एजेंसियां समय पर गुणवत्ता पूर्ण कार्य पूरा नहीं कर पा रही हैं, उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। यदि सीवरेज निर्माण तय समय में पूरा नहीं हुआ तो संबंधित एजेंसी का टेंडर रद्द कर दिया जाएगा। मंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक समय पर हर हाल में पहुंचना चाहिए। जो कर्मचारी या एजेंसी इसमें बाधा बनते हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फरल व फतेहपुर के ग्रामीणों ने निर्णय का किया स्वागत ः फतेहपुर व फरल गांववासियों ने मंत्री द्वारा लिए गए सख्त निर्णयों का स्वागत किया और आशा जताई कि इससे कार्य की रफ्तार में तेजी आएगी और सीवरेज परियोजना समय से पूरी होगी। बता दें कि फतेहपुर की तरह गांव फरल की हर गली का बुरा हाल है। ठेकेदार संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से काम करने में आनाकानी कर रहा है।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने पंजाब की ओर से रोके गए पानी के मुद्दे पर कहा कि हम पंजाब का नहीं, अपना पानी देने को कह रहे हैं। उन्होंने पंजाब सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह हरियाणा के साथ गलत कर रही है। पंजाब ने गलत तरीके से चार हजार क्यूसेक पानी रोका है। जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा कमी के बावजूद पीने का पानी दिया जा रहा है। सिरसा सहित कई जिलों में नहरी पानी के कमी का सामना करना पड़ा है। उन्होंने पंजाब सीएम की ओर से एक भी बूंद पानी न दिए जाने के बयान को निंदनीय बताया।