संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पूंडरी से विधायक सतपाल जांबा ने जनहित के लिए मिलने वाले फंड और ग्रांट के उपयोग पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में विधायक कहते दिखाई दे रहे हैं कि सरकार की ओर से विधायकों को तीन तरह के फंड और ग्रांट दिए जाते हैं, जिनका पैसा जनहित के लिए खर्च करना होता है।
विधायक का कहना है कि अधिकांश मामलों में ये राशि जनता तक नहीं पहुंचती और विधायकों के पास ही रह जाती है। इस वीडियो का संबंध तब का है जब विधायक गांव फरल में एक दिव्यांग व्यक्ति जिले सिंह को विशेष ग्रांट दिलाने पहुंचे थे।
वीडियो में बताया गया कि जिले सिंह को दिमाग पर चोट लगने से सिर की नस डैमेज हो गई, जिसके कारण उनका शरीर कभी-कभी नियंत्रण खो देता है और वे अचानक गिर जाते हैं। उनके घर का बिजली बिल 49 हजार रुपये आया हुआ था। अधिकारियों से बातचीत के बाद यह तय हुआ कि कटौतियों के बाद भी लगभग 36 हजार रुपये का बिल बचता है।
विधायक सतपाल जांबा ने अपनी जेब से मोबाइल निकालकर अपने बैंक खाते से 40 हजार रुपये सीधे जिले सिंह के खाते में ट्रांसफर कर दिए और कहा कि इसमें से बिल चुका दें। उन्होंने आगे कहा कि यदि उन्हें दवाइयों की जरूरत हो तो वे उनसे संपर्क कर सकते हैं।