संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला परिषद कार्यालय में मंगलवार को आयोजित बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष कर्मबीर कौल ने अधिकारियों और पार्षदों को विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए
सख्त निर्देश दिए। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करना और लंबित कार्यों की प्रगति को सुनिश्चित करना था।
अध्यक्ष कौल ने स्पष्ट कहा कि समयबद्ध तरीके से विकास कार्य पूरे किए जाएँ। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो कार्य पूरे हो चुके हैं, उनके बिल तुरंत जिला परिषद कार्यालय में जमा कराए जाएँ, ताकि भुगतान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की देरी न हो।
बैठक में सीईओ, एक्सईएन, एसडीओ और जेई सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारीयों ने अपने-अपने विभागों के विकास कार्यों की स्थिति से अध्यक्ष को अवगत कराया और पार्षदों ने क्षेत्र की समस्याओं पर अपने सुझाव रखे।
अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 10 करोड़ रुपये तक के सभी कार्यों का एस्टिमेट शुक्रवार तक कार्यालय में जमा कराया जाए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी तरह की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता की मेहनत की कमाई का हर रुपया सही जगह और समय पर खर्च होना चाहिए। अगर किसी अधिकारी की लापरवाही से विकास कार्य प्रभावित होते हैं, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अध्यक्ष ने सभी विभागों से अब तक किए गए विकास कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट पेश करने को कहा। उन्होंने पूछा कि कौन-कौन से कार्य पूरे हो चुके हैं और किन कार्यों में अभी भी देरी है। लंबित कार्यों की सूची बनाकर उसकी विस्तृत जानकारी समय पर देने के निर्देश भी दिए गए।
अध्यक्ष ने पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर देते हुए कहा कि आमजन विकास योजनाओं का लाभ समय पर चाहता है और किसी भी प्रकार की देरी जनता के साथ अन्याय होगी।
जनता को समय पर मिलेगी सुविधा ः कौल
अध्यक्ष कर्मबीर कौल ने कहा कि जिला परिषद का उद्देश्य ग्रामीण अंचल में मूलभूत सुविधाओं जैसे सड़क, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता को प्राथमिकता पर सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लंबे समय से अधर में लटके हुए कार्य शीघ्र पूरा किए जाएँ और नियमित अंतराल पर रिपोर्ट तैयार कर समीक्षा की जाए। बैठक के अंत में चेयरमैन ने सभी अधिकारियों और पार्षदों से अपील की कि वे मिलकर जिले के विकास में योगदान दें और विकास कार्यों में पारदर्शिता तथा गुणवत्तापूर्ण काम सुनिश्चित करें, ताकि जनता का विश्वास और भरोसा जिला परिषद पर बना रहे।