संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। कुरुक्षेत्र लोकसभा से सांसद नवीन जिंदल ने कलायत में जन संपर्क अभियान के तहत लोगों की समस्याएं सुनीं और नगर पालिका कार्यालय में बिना सरकारी आदेश के लगाए गए विवादित नोटिस पर अधिकारियों को चेतावनी दी।
शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में जनता की सरकार है। केवल अधिकारियों का नहीं, बल्कि जनता का समय भी बेहद कीमती होता है। नागरिक आवश्यक कार्यों के लिए ही सरकारी दफ्तरों का रुख करते हैं।
सांसद जिंदल ने कहा कि सरकार अधिकारियों को तनख्वाह इसलिए देती है ताकि वे लोगों की सेवा करें, न कि उन्हें परेशान करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की भावना को ठेस पहुँचाने वाले किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री कमलेश ढांडा, भाजपा पदाधिकारी, पार्षद, सरपंच, ब्लॉक समिति सदस्य, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
विकास कार्यों की सूची मांगी, गति देने का दिया भरोसा ः सांसद ने नगर पार्षदों से शहर के विकास से संबंधित कार्यों की सूची मांगी और कहा कि “जो जितनी गंभीरता से कार्यों के लिए तकाजा करता है, कार्य भी उतनी ही तेजी से पूरे होते हैं।” उन्होंने पारदर्शिता व समयबद्धता के साथ कार्यों को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
संयुक्त मांग पत्र सौंपा ः नव-निर्वाचित पार्षदों ने सांसद को एक संयुक्त मांग पत्र सौंपा जिसमें करोड़ों के बजट के बावजूद नगर पालिका अधिकारियों की निष्क्रियता, लंबित कार्यों की सूची और 36 बिरादरी से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। इस दौरान पार्षदों ने सांसद जिंदल और पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।
देवभूमि रेलयात्री अधिकार संघर्ष समिति ने सांसद को ज्ञापन सौंपकर कुरुक्षेत्र-जींद रूट की दो सवारी गाड़ियों (54039 व 54042) को पुनः शुरू करवाने की मांग की। समिति के शंकर कौशिक ने बताया कि ये गाड़ियां कोरोना काल से बंद हैं जिससे आम यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है। साथ ही, रायपुर–हिसार से अंब इंदौरा (वाया चंडीगढ़) जाने वाली ट्रेन के कलायत में ठहराव की भी मांग की गई।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राजीव राजपूत, श्री रैदास तख्त प्रबंध कमेटी प्रधान डॉ. प्रीतम कौलेखां, बाल संरक्षण आयोग सदस्य सुमन राणा, मैनपाल राणा, अजीत चहल, नरेश ढांडा आदि मौजूद रहे।