संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अतिरिक्त अनाज मंडी, कैथल में शुक्रवार को 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पायलट रिहर्सल का आयोजन किया गया। इसके बाद शनिवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भी योग करने के लिए साधक जुटेंगे।
पायलट रिहर्सल कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि आरटीए गिरीश कुमार ने कहा कि योग भारत की प्राचीनतम जीवनशैली और आध्यात्मिक परंपरा का अमूल्य उपहार है, जो आज न केवल भारत में बल्कि पूरी दुनिया में शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक संतुलन का आधार बन चुका है।
उन्होंने कहा कि योग आत्म संयम, संतुलन और एकाग्रता के माध्यम से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने अधिकारियों से आह्वान किया कि रिहर्सल के दौरान जो भी व्यवस्थागत आवश्यकताएं सामने आई हैं, उन्हें अंतिम कार्यक्रम से पहले पूरा किया जाए, ताकि योग दिवस का आयोजन भव्य और सुव्यवस्थित हो।
रिहर्सल के दौरान सामान्य योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण योग विशेषज्ञ डॉ. एच.एस. हुड्डा द्वारा करवाया गया। अभ्यास में स्कंध संचालन, ताड़ासन, पादहस्तासन, अर्ध चक्रासन, त्रिकोणासन, दंडासन, भद्रासन, वज्रासन, अर्ध उष्ट्रासन, अर्ध हलासन, पवनमुक्तासन और शवासन के साथ-साथ कपालभाति, नाड़ी शोधन, अनुलोम-विलोम, शीतली तथा भ्रामरी प्राणायाम शामिल रहे।
अंत में ध्यान, संकल्प और शांति पाठ के साथ सत्र का समापन हुआ। योग सहायक वीरेंद्र आर्य और कनिका ने अभ्यास संचालन में सहयोग किया।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शकुंतला दहिया ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस अवसर पर भाग लेकर योग के माध्यम से अपने स्वास्थ्य को बेहतर बनाएं।
इस अवसर पर डीआरओ चंद्र प्रकाश, सिविल सर्जन डॉ. रेनू चावला, डीआईपीआरओ नसीब सैनी, डीडीए डॉ. बाबू लाल, डीएचओ हीरा लाल, रेडक्रॉस सचिव रामजी लाल, जिला उच्च शिक्षा अधिकारी मनोज बांबू सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।