संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर के व्यस्ततम इलाकों में शुमार रेलवे रोड पर मुख्य डाकघर के सामने बने सार्वजनिक शौचालय की हालत इन दिनों गंभीर रूप से खराब है। यहां बनी फ्लश सीट की निकासी पूरी तरह बंद पड़ी है, जिससे आसपास आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे रोड मार्केट के दुकानदारों के अनुसार यह शौचालय मार्केट और डाकघर आने वाले सैकड़ों लोगों के लिए एकमात्र सुविधा है। दुकानदार राजेंद्र उर्फ पन्ना, काला, मुनीश ग्रोवर, हरीश खुराना, रमेश सैनी और अन्य ने बताया कि यहां रोजाना 200 से 250 लोग आते हैं, जिनमें बुजुर्ग, महिलाएं और दूर-दराज से आए लोग शामिल हैं। खराब हालत और गंदगी के कारण कई लोग मजबूरी में इसका उपयोग करने से भी कतराने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से शौचालय की सफाई नहीं की गई है। फ्लश सिस्टम पूरी तरह से बंद होने और निकासी न होने के कारण गंदगी और दुर्गंध जमा हो जाती है, जो आसपास की दुकानों में भी परेशानी पैदा कर रही है। दुकानदारों ने नगर परिषद के अधिकारियों को कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों ने नगर परिषद से अपील की है कि इस सार्वजनिक शौचालय की तुरंत सफाई करवाई जाए और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचा जा सके और आमजन को मूलभूत सुविधा मिल सके।
शहर में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर परिषद लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगर कहीं पर सफाई व्यवस्था खराब है तो उसे दुरुस्त किया जाएगा। -सुरभि गर्ग, अध्यक्ष, नगर परिषद