गुहला-चीका। गांव मस्तगढ़ में हत्या के मामले में शेष आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर परिजनों का पुलिस के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा। दर्जनों लोगों ने एकत्रित होकर डीएसपी कार्यालय के बाहर जमकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों में शामिल गुस्साई महिलाओं ने डीएसपी कार्यालय में ‘स्यापा’ कर अपनी भड़ास निकाली। जिस कारण गर्मी के चलते एक महिला बेहोश हो गई। डीएसपी ने शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। गौरतलब है कि मामले में छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
घटनाक्रम के अनुसार, करीब दस दिन पहले मस्तगढ़ गांव में मीट व शराब बेचने वाले कुछ लोगों ने गांव के ही राम मेहर व उसके दो भाइयों सुखविंद्र व महेन्द्र पर हमला करके उनकी लाठियों व गंडासियों से पिटाई की थी। पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज के दौरान राममेहर की मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में बाद में हत्या के आरोप में केस दर्ज कर लिया था।
पुलिस आरोपियों के साथ मिली है : परिजन
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन पर हमले का कारण यह था कि आरोपी दबंग किस्म के लोग थे और शिकायतकर्ता के मकान के सामने ठीक सड़क पर मीट व शराब बेचते थे। इसका वे निरंतर विरोध करते थे। राम मेहर व उसके परिजनों ने पहले ही गुहला थाने में एक शिकायत दी थी।
परंतु आरोप है कि पुलिस ने उस पर कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते आरोपियों के हौसले बढ़ गए। परिजनों का आरोप है कि पुलिस आरोपियों के साथ मिली हुई है, जिसके चलते तीन आरोपी अभी भी न केवल खुलेआम घूम रहे हैं, उन पर दोबारा हमला करने की धमकी भी दे रहे हैं।
इन आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर मंगलवार को परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने गांव के अन्य लोगों को साथ लेकर डीएसपी गुहला के दफ्तर का घेराव कर दिया। महिलाओं ने डीएसपी को दफ्तर से बाहर नहीं निकलने दिया और आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की। डीएसपी टेकन राज शर्मा द्वारा आरोपियों को शीघ्र अति शीघ्र गिरफ्तार करने के आश्वासन के बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त किया।
पुलिस ने घटना के तुरंत बाद एफआईआर दर्ज कर ली थी। तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया। अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए भी दबिश दे रहे हैं। उम्मीद है कि अन्य आरोपी भी शीघ्र ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
टेकनराज, डीएसपी।