पूंडरी। अनाज मंडी में आयोजित दिव्य गीता सत्संग कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में पंडित शांतनु ने अपने प्रवचनों के माध्यम से श्रीमद्भगवद्गीता के उपदेशों और जीवन के आध्यात्मिक मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कर्म, धर्म के साथ अध्यात्म का भी महत्व समझाया।
पंडित शांतनु ने सत्संग में कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाने वाला मार्गदर्शक ग्रंथ है। गीता व्यक्ति को कर्म, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और संतुलित जीवन के लिए अध्यात्म का सहारा लेना आवश्यक हो गया है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपने जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने, सत्य के मार्ग पर चलने और समाज में प्रेम, भाईचारा तथा सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया।
प्रवचन के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए और पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आरती और भजन-कीर्तन में भाग लेते हुए समाज में शांति, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। संवाद