खंड सीवन के गांव मलिकपुर में अध्यापक के तबादले को लेकर बुधवार को एक बार फिर से गांव के लोगों ने स्कूल को ताला लगा दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि स्कूल के अध्यापक सतबीर गोयत के तबादले को रद्द किया जाए और उन्हें इसी स्कूल में दोबारा से नियुक्त किया जाए।
सुबह से ही ग्रामीणों ने अध्यापकों को स्कूल के अंदर नहीं जाने दिया। कुलदीप, मिंदा, सिन्दा, सतीश, गगनदीप, बलकार व रामपाल व अन्य ग्रामीणों का कहना था कि गांव के कुछ लोगों ने अध्यापक की झूठी शिकायत की है। केवल राजनीतिक कारणों के चलते यह तबादला किया गया है। तालाबंदी करने वाले ग्रामीणों ने कहा कि जब तक अध्यापक का तबादला रद्द नहीं किया जाता है तब तक वह स्कूल को ताला लगा कर रखेंगे और अपना विरोध जारी रखेंगे।
स्कूल में ताला लगाने की सूचना पर 12 बजे खंड शिक्षा अधिकारी सीवन सुदर्शन शर्मा व खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी रोजी, नायब तहसीलदार सीवन विरेंद्र शर्मा, थाना प्रभारी सीवन शिव कुमार गांव मलिकपुर में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बात की और उन्हें आश्वासन दिया कि वह ग्रामीणों की मांग को विभाग के उच्च अधिकारियों तक पहुंचा देंगे और विभाग नियमानुसार कार्रवाई करेगा। अधिकारियों के आश्वासन पर ग्रामीणों ने स्कूल का ताला खोल दिया।