कैथल। अतिथि अध्यापकों के नियमितीकरण की मांग को लेकर कुरुक्षेत्र में चल रहे आंदोलन के समर्थन में मजदूर संगठन सीटू ने अध्यापक नेताओं को हिरासत में लेने की कड़ी आलोचना की है। सीटू के अनुसार, 14 नवंबर की रात हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के राज्य महासचिव मास्टर रामपाल शर्मा और जिला प्रधान रामफल दयोहरा को हिरासत में लेकर स्थानीय थानों में रखा गया।
सीटू के जिला प्रधान कामरेड सत्यवान और कोषाध्यक्ष जयप्रकाश शास्त्री ने संयुक्त बयान में इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। अतिथि अध्यापक 23 जून से नियमितीकरण की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से अध्यापकों और अन्य संघर्षरत वर्गों की मांगें सुनने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो एक से तीन दिसंबर तक दिल्ली के रामलीला मैदान में महापड़ाव और संसद मार्च किया जाएगा।