संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। बायोमीट्रिक प्रणाली के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में किसानों ने सोमवार को कलायत अनाज मंडी के गेट पर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने बायोमीट्रिक प्रक्रिया, ट्रैक्टर की फोटो और गेट पास व्यवस्था के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया। इस दौरान किसान नेताओं ने बिना बायोमीट्रिक प्रक्रिया पूरी किए ट्रालियों को मंडी में प्रवेश करवाया और गेहूं उतरवाया।
भाकियू जिलाध्यक्ष गुरनाम सिंह सहारन ने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी गेहूं की खरीद सरल प्रक्रिया से की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नई प्रणाली से मंडियों में भीड़ बढ़ेगी और किसानों को अपनी फसल बेचने में अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह व्यवस्था किसानों के हित में नहीं है और इससे ट्रैक्टरों को कमर्शियल श्रेणी में लाने की कोशिश की जा रही है।
किसान नेता जियालाल ने कहा कि फिलहाल मंडियों में गेहूं की आवक कम है, लेकिन जैसे-जैसे आवक बढ़ेगी, ट्रालियों की लंबी कतारें लगेंगी और किसानों की मुश्किलें बढ़ेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसान यूनियन सरकार की नई गेहूं खरीद नीति का पूरी तरह विरोध करती है और इसे लागू नहीं होने देगी।
नाराज किसानों ने चेतावनी दी कि वे बिना बायोमीट्रिक के ही ट्रालियों को मंडी में प्रवेश कराते रहेंगे। धरने में भाकियू जिलाध्यक्ष गुरनाम सिंह सहारन, कलायत उपमंडल अध्यक्ष जिले सिंह मोर, प्रीतम सिंह, कुलदीप चौशाला, जोरा सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।