संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नरवल गांव में नौ दिन पहले 34 वर्षीय संदीप की डंडों व लाठियों से पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इससे आक्रोशित परिजन सोमवार को एसपी से मिलने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।
मृतक संदीप की पत्नी रीना ने बताया कि घटना को एक सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस अभी तक किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि वे कई बार पुलिस अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही और आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं।
गौरतलब है कि करीब नौ दिन पहले गांव नरवल में चार आरोपियों ने संदीप की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। मृतक की पत्नी ने पड़ोस के युवक रजत और उसके परिवार पर डंडों व लाठियों से हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
रीना के अनुसार, आरोपी रजत कथित रूप से महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार के इरादे से उनके घर में घुसा था। विरोध करने पर उसने मारपीट की और मौके से फरार हो गया। इसके बाद जब महिलाएं आरोपी के घर शिकायत करने गईं तो रजत और उसके परिवार ने उनके साथ फिर मारपीट की, यहां तक कि बच्चों को भी थप्पड़ मारे।
शाम को जब संदीप राजमिस्त्री का काम खत्म कर घर लौटा। वह जब थाने शिकायत करने निकला तो आरोपियों ने रास्ते में रोक लिया। मोटरसाइकिल को गिरा दिया और उस पर हमला कर दिया। बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
राजौंद थाना प्रभारी सतपाल ने बताया कि पुलिस ने आरोपी रजत, उसके पिता, मां और बहन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।