कैथल। साहित्य सभा कैथल के प्रधान एवं वरिष्ठ साहित्यकार प्रोफ़ेसर अमृत लाल मदान और शिक्षाविद् डॉ. राजबीर पराशर को पंचकूला नगर निगम तथा कला एवं संस्कृति विभाग हरियाणा द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित पुस्तक मेले में सम्मानित किया गया।
साहित्य सभा कैथल के प्रेस सचिव डॉ. तेजिंद्र ने बताया कि पंचकूला स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजित चतुर्थ वार्षिक पुस्तक मेला 7 नवंबर से 13 नवंबर तक चला। इसी अवसर पर सेवानिवृत्त वरिष्ठ आईएएस अधिकारी पी.के. दास ने दोनों विभूतियों को फुलकारी वाली शॉल ओढ़ाकर और ग्यारह पुस्तकों का सेट भेंटकर सम्मानित किया। पुस्तक मेले में पुस्तक-संस्कृति और पठन-पाठन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण व्याख्यान आयोजित किए गए, जिनमें निष्कर्ष रूप में पुस्तकों को “हमारी सच्ची मित्र” बताया गया। मेले में हरियाणा, पंजाब और दिल्ली के प्रकाशकों ने स्टॉल लगाए। पंचकूला, चंडीगढ़ और जीरकपुर के पुस्तक-प्रेमियों ने मेले में बड़ी संख्या में हिस्सा लिया और पुस्तकों की खरीदारी की। पद्मश्री महावीर गुड्डू के नेतृत्व में सांस्कृतिक दल ने हरियाणवी प्रस्तुतियां दीं।