संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। गांव सारण में एक व्यक्ति पर कातिलाना हमला करने के मामले में आरोपी संजय और सतीश को पुलिस ने गिरफ्तार कर बुधवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गांव सारण निवासी रामकिशन सिंह ने शिकायत देते हुए बताया कि उसका भतीजा कुलमीत भैंसों को लेकर तालाब की ओर जा रहा था। इस दौरान भैंसें अंकेश के घर की तरफ चली गईं। इसी बात पर अंकेश ने कुलमीत के साथ गाली-गलौच व मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर रामकिशन अपने भतीजे को बचाने पहुंचा तो अंकेश, मिथुन और 8-10 अन्य लोगों ने उस पर हमला कर दिया।
आरोप है कि अंकेश और मिथुन ने गंडासियों से उसके सिर और बाजू पर वार किए, जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। घायल को सरकारी अस्पताल कैथल में भर्ती कराया गया और तितरम थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया। इस मामले में पहले ही चार आरोपी- अंकेश, मिथुन, विक्की और जितेंद्र सिंह- गिरफ्तार किए जा चुके हैं। संजय और सतीश भी वारदात में शामिल पाए गए, जिन्हें अब न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।