कैथल। जिला परिषद व ब्लॉक समिति के चुनाव में बातचीत के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, पीने का पानी, टूटी गलियां व पानी निकासी मुख्य मुद्दे दिखाई दिए। युवाओं का कहना था कि गांव में शहर स्तर की सुविधाएं नहीं मिल पातीं इसलिए गांव के युवा आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। बारिश के समय में लगभग गांव में पानी निकासी न होने के कारण गलियां व तालाब में पानी जमा हो जाता है। गलियों से निकलने में भी परेशानी होती है। शिक्षा व स्वास्थ्य की सुविधाएं भी नाममात्र को मिल पाती है।
शिक्षा ग्रहण करने के लिए गांव के विद्यार्थियों को शहर की लाइब्रेरियों में पढ़ने के लिए आना पड़ता है। खर्च व समय भी बर्बाद हो रहा है। परिवहन सुविधा भी गांव में नहीं आती है। निजी साधनों में लटक कर विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए आना-जाना पड़ता है। खेल सुविधाओं का गांव में अभाव है। गांव स्तर पर खेल सुविधा नहीं मिल पाती है। पीने का पानी गांव में कई जगह पूर्ण रूप से नहीं मिल रहा है। राजौंद ब्लॉक के लोग खेतों से पीने का पानी भरकर लाते है।
बॉक्सिंग खिलाड़ी शीतल ने बताया कि उसने पहली बार मत का प्रयोग किया है। गांव में खेल सुविधाएं मिल नहीं पाती है। ऐसे उम्मीदवार के लिए मत का प्रयोग किया है, जो गांव में खेलों की तरफ ध्यान दें। गांव में खिलाड़ियों के लिए खेलने का सामान उपलब्ध करवाएं।
युवती प्रभजोत ने बताया कि पहली बार मत का प्रयोग कर खुश है। गांव में स्वास्थ्य संबंधी काफी समस्या रहती है। स्वास्थ्य के लिए गांव स्तर पर डॉक्टर नहीं है। स्वास्थ्य संबंधित समस्याओं को दूर करने वाले उम्मीदवार के लिए मत का प्रयोग किया है।
युवती प्रवेश ने बताया कि पहली बार मत का प्रयोग कर अच्छा लगा है। गांव से शहर तक आने के लिए परिवहन सुविधा की कमी है। बसों की खिड़कियों पर लटकर छात्राएं सफर तय करती है, ऐसे उम्मीदवार को वोट दिया है, जो परिवहन सुविधा छात्राओं के लिए उपलब्ध करवा सकें।
युवा साहिल ने बताया कि जिला परिषद व ब्लॉक समिति में पहली बार वोट डालकर वह गर्व महसूस कर रहा है। अपना पहला वोट गांव के विकास करवाने वाले उम्मीदवार को देखकर किया है। जो स्वास्थ्य संबंधित सुविधाओं की तरफ ध्यान दें। सुबह सात बजे सेंटर पर आ गया था और एक घंटे बाद वोट डालने का मौका मिला।
युवा अभि ने बताया जिला परिषद व ब्लॉक समिति गांव के विकास करवाने में अहम होता है। ऐसे प्रतिनिधि को वोट दिया है जो हम सब के बीच रहे। जनप्रतिनिधि पढ़ा-लिखा संस्कारित व काम करवा सकें। जरूरतमंदों को प्राथमिकता के आधार पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाएं। पीने का पानी से लेकर पानी निकासी की समस्या तरफ ध्यान दें।
युवा निर्मल ने बताया कि पहली बार वोट डालकर अच्छा लगा है। गांव की मूलभूत सुविधाओं को पूर्ण करवाने वाले युवा के लिए ही मत का प्रयोग किया है। युवा गांव में मूलभूत सुविधाओं को पूरा करवा सकता है।
युवा राहुल ने बताया कि जिला परिषद व ब्लॉक समिति का पहली बार मतदान करके मुझे बड़ी प्रसन्नता हो रही है और गौरव का अनुभव कर रहा इससे पहले ईवीएम मशीन के बारे में सुना था। आज प्रयोग करने का मौका मिला। खेलों को बढ़ावा देने वाले युवा के लिए मत का प्रयोग दिया। सुबह आठ बजे बूथ पर पहुंचकर वोट डाला।
युवा बंटी ने कहा कि पहली बार वोट करने के बाद अपने आप को काफी गौरवान्वित महसूस कर रहा है। गांव में शिक्षा की तरफ कम ध्यान नहीं है। शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को इधर- उधर जाना पड़ता है। ऐसे प्रत्याशी को वोट दिया है जो युवाओं के हक की बात कर गांव स्तर पर शिक्षा के लिए अच्छा संस्थान खुलवा सकें।