संवाद न्यूज़ एजेंसी
ढांड। गलत बिजली बिल व रीडिग व अन्य समस्याओं पर बिजली निगम ने कौल गांव में शुक्रवार को खुला दरबार लगाया। इसमें कुल 121 शिकायतें पहुंची। विभागीय अधिकारियों की तारीफ करें कि उन्होंने सभी का समाधान करके सभी उपभोक्ताओं की परेशानी निपटा दीं।
गौरतलब है कि बिजली उपभोक्ताओं की समस्या अब गांवों में ही दूर करने का निर्णय लिया गया है। इसी के तहत ढांड सब स्टेशन की ओर से कौल गांव में खुला दरबार लगाया गया। यहां 71 उपभोक्ताओं के गड़बड़ बिल और 50 मीटर खराब होने की शिकायत पहुंचीं। सभी उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान कर दिया गया।
बिजली निगम ढांड के एसडीओ प्रिंस भूरा ने बताया कि समस्या समाधान में जेई सत्यवान, एलडीसी महिपाल, लाइनमैन सोमपाल, अनिल कुमार का भी योगदान रहा। उन्होंने उपभोक्ताओं की समस्या को सुनकर निवारण कराने के साथ उन्हें विभाग की डिजिटल व्यवस्था के लिए जागरूक भी किया।
एसडीओ प्रिंस भूरा ने बताया कि विभागीय प्रयास से बिल गलत, रीडिग व बिल न मिलने संबंधित सभी समस्याएं को जल्द दूर करने का काम करेंगे। फिर भी उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी है तो उनको गांव स्तर पर ही दूर करने को लेकर सब स्टेशन के हर गांव में दरबार लगाने का फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि हर सप्ताह सब स्टेशन के अंतर्गत आने वाले एक गांव में दरबार लगा उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। ताकि उन्हें परेशानी न हो। इससे बिलों की अदायगी होने पर विभागीय राजस्व भी बढ़ेगा।
बिजली बिल वसूली अभियान के तहत उतारे 20 मीटर
राजौंद। नगर में बकाया बिजली बिल वसूली अभियान चलाया। इसमें लगभग 20 मीटर उतारे गए। उत्तरी हरियाणा बिजली वितरण निगम के कनिष्ठ अभियंता जगदीश चंद्र ने बताया कि शुक्रवार को राजौंद में 20 के लगभग डिफाल्टर उपभोक्ताओं के मीटर उतारे हैं। जेई ने कहा कि जिसका भी बिजली का बिल बकाया है। वह अपने बिल जल्द जमा करवाएं, ताकि विभागीय कार्यवाही से बच सके। इस दौरान उनके साथ एएफएम नरेश कुमार, एफएम जयदीप, एलएम सुनील कुमार सहित स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। संवाद