संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। डॉ. भीमराव आंबेडकर कॉलेज परिसर जगदीशपुरा के खेल मैदान में महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय की तृतीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। खेल प्रतियोगिता में योग विभाग की छात्रा प्रियंका सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहीं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. संजय गोयल ने किया। प्रतियोगिताओं में दौड़, रिले दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद सहित एथलेटिक्स के खेलों का आयोजन किया गया।
पारितोषिक वितरण एवं सम्मान समारोह में बतौर मुख्यातिथि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रमेश चंद्र भारद्वाज शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय की तीसरी खेल प्रतियोगिता है। खेलों का विद्यार्थियों के मानसिक एवं शारीरिक विकास के महत्वपूर्ण योगदान रहता है। विद्यार्थियों के उत्साह को देखते हुए हम कह सकते हैं कि हमारे विद्यार्थी अवश्य ही राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाने में सफल होंगे।
कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि डॉ. भीमराव आंबेडकर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार भांबू ने शिरकत की। खेलों में विजयी प्रतिभागियों को पारितोषिक के रूप प्रोत्साहन राशि, पदक व प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शैक्षणिक अधिष्ठाता प्रो. सत्य प्रकाश दुबे, अईक्यूएसी निदेशक प्रो. भाग सिंह बोदला, डॉ. जगत नारायण, वित्ताधिकारी कृष्ण चंद्र आदि उपस्थित रहे।
ये रहे परिणाम ः छात्र वर्ग की 200 मीटर दौड़ में अभिषेक प्रथम, योग बीए द्वितीय वर्ष के सचिन द्वितीय व हरप्रीत तृतीय रही। छात्रा वर्ग की 200 मीटर दौड़ में प्रियंका प्रथम, योग एमए द्वितीय वर्ष ने माफी द्वितीय, व्याकरण शास्त्री द्वितीय वर्ष की अंकिता तृतीय रही। छात्रा वर्ग की 400 मीटर दौड़ प्रियंका प्रथम, योग की एमए द्वितीय वर्ष की पूजा द्वितीय रही।