संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हिसार में करतार मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल जगबीर सिंह पानू की निर्मम हत्या के विरोध में बुधवार को जिले के सभी निजी स्कूल बंद रहे। स्कूल संचालकों ने रोष जताते हुए जिला सचिवालय पहुंचकर उपायुक्त प्रीति को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने से पूर्व सभी स्कूल संचालकों की बैठक सचिवालय परिसर स्थित पार्क में आयोजित की गई, जहां शिक्षकों की सुरक्षा और हालिया घटना पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रदर्शन के दौरान स्कूल संचालकों ने काली पट्टी बांधकर घटना का विरोध किया। प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अतुल शर्मा ने कहा कि इस नृशंस घटना ने पूरे शिक्षा जगत को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने मांग की कि प्रदेश में स्कूल सुरक्षा अधिनियम को तत्काल लागू किया जाए ताकि शिक्षकों और स्कूल स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन न केवल दिवंगत प्रिंसिपल को न्याय दिलाने के लिए है, बल्कि पूरे शिक्षक समाज को सुरक्षा और सम्मान दिलाने की एक आवाज भी है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी छात्र पुलिस की हिरासत में हैं, लेकिन घटना को लेकर शिक्षकों और स्कूल प्रबंधनों का आक्रोश अभी भी बरकरार है। संचालकों ने डॉक्टरों की तर्ज पर स्कूल शिक्षकों की सुरक्षा के लिए अलग कानून बनाए जाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।