हड़ताल के बारे में जानकारी देते इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारी।
कैथल। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने 5 जून से आयुष्मान कार्ड धारकों का इलाज नहीं करने का एलान किया है। एसोसिएशन ने यह फैसला 15 करोड़ बकाया नहीं देने पर लिया।
एसोसिएशन के प्रधान डॉ. डीएस पंवार ने कहा कि सरकार ने जब एमओयू साइन किया था तो हर 15 दिन में भुगतान का वादा किया था और अगर समय पर राशि नहीं दी तो एक प्रतिशत ब्याज देने का प्रावधान भी किया था।
सरकार एमओयू की किसी भी बात को नहीं मान रही और कई कई महीनों तक भुगतान नहीं किया जाता है।
उन्होंने कहा कि ब्याज तो दूर वे अपने मूलधन को भी तरस गए हैं और अकेले कैथल जिले का करीब 15 करोड़ और पूरे हरियाणा का 600 करोड़ रुपये बकाया है। उन्हें अपने ही रुपये लेने के लिए बार-बार हड़ताल करनी पड़ती है।
सरकार हर बार उन्हें 10 से 15 प्रतिशत की किस्त देकर और आगे से सही तरीके से भुगतान की बात कहकर हड़ताल खत्म करवा देती है लेकिन फिर महीनों तक भुगतान नहीं किया जाता है और हर बार उन्हें हड़ताल का सहारा लेना पड़ता है। इस बार उन्होंने तय किया है कि जब तक उनकी पूरी राशि का भुगतान नहीं कर दिया जाता वे आयुष्मान के मरीजों का इलाज नहीं करेंगे।
हड़ताल के बारे में जानकारी देते इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारी।