संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर के चिल्ड्रेन पार्क में शौचालय निर्माण में पुरानी ईंटे लगाने के आरोप मामले में मंगलवार शाम के समय नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि सुमित गर्ग ने मौके पर पहुंच निर्माण कार्य रुकवाया।
इस दौरान उन्होंने पुरानी ईंटे निकालने के बाद ही शौचालय का लेंटर डालने के आदेश जारी किए। इस दौरान प्रतिनिधि के साथ ही जेई भी मौके पर मौजूद थे। करीब पांच दिन पहले ही कुछ लोगों ने चिल्ड्रेन पार्क में शौचालय निर्माण में पुरानी ईंटें लगाने का आरोप लगाया था।
इसके बावजूद ठेकेदार पर नगर परिषद की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। इसके बाद अब मंगलवार को नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि सुमित गर्ग ने पार्क में निर्माण कार्य का निरीक्षण किया है।
नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि सुमित गर्ग ने बताया कि पुरानी ईंटें लगाने का मामला उनके संज्ञान में पहले दिन से ही था। उन्हें यहां पर सैर करने वाले लोगों से भी जानकारी मिली थी। इसके बाद ही उन्होंने निरीक्षण किया गया है। इस काम को रोका गया है। पुरानी ईंटें निकालकार नई ईंटें शौचालय के निर्माण में लगाई जाएगी। इसे साथ ही ठेकेदार पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई भी की जाएगी। इस मौके पर कई पार्षद राज, राजेश सिसौदिया, रजत थरेजा, विकास आदि मौजूद रहे।