संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में बढ़ती गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती ने आमजन के साथ-साथ दुकानदारों की परेशानी बढ़ा दी है। गेहूं खरीद सीजन के चलते बिजली पर बढ़े लोड के कारण बार-बार कट लग रहे हैं, जिससे बाजारों का कामकाज प्रभावित हो रहा है।
शहर के तलाई बाजार, जनता मार्केट और पिहोवा चौक स्थित दुकानों में दोपहर के समय अधिक कटौती हो रही है। बिजली जाते ही पंखे, कूलर और एसी बंद हो जाते हैं, जिससे दुकानों के अंदर बैठना मुश्किल हो जाता है। इसका असर ग्राहकों की आवाजाही पर भी पड़ रहा है और व्यापार प्रभावित हो रहा है।
दुकानदारों का कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में व्यापार पर और नकारात्मक असर पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि बाजारों में बिजली आपूर्ति सुचारू की जाए और गेहूं सीजन के दौरान बिजली प्रबंधन के लिए अलग योजना बनाई जाए। इस संदर्भ में बिजली निगम के अधिकारी सोमवीर ने बताया कि बिजली आपूर्ति सुचारू है और दुकानदारों को किसी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी।
दुकानदार बोले
n
रेलवे रोड पर कपड़ा व्यापारी राजेश कुमार ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली जाने से ग्राहक दुकान में ज्यादा देर नहीं रुकते, जिससे बिक्री प्रभावित हो रही है।
n
तलाई बाजार के किराना व्यापारी सुरेश गर्ग के अनुसार गेहूं सीजन के कारण बिजली की खपत बढ़ी है, लेकिन इसका खामियाजा दुकानदारों को भुगतना पड़ रहा है। दिन में दो-तीन बार कट लगने से कामकाज बाधित होता है।
n
मुख्य बाजार में मोबाइल शॉप संचालक दीपक ने बताया कि बिजली कट के कारण ऑनलाइन पेमेंट और रिचार्ज का काम प्रभावित हो रहा है। इन्वर्टर भी ज्यादा देर साथ नहीं देता, जिससे छोटे व्यापारियों को अधिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।