संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर यूनियन की ओर से वीरवार की सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक सांकेतिक भूख हड़ताल की गई। हड़ताल के उपरांत यूनियन पदाधिकारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन एक्सईएन मनीष कुमार को सौंपा। भूख हड़ताल का मुख्य एजेंडा बिजली विभाग में ऑनलाइन बदली प्रक्रिया को रोकना तथा कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना रहा।
धरने की अध्यक्षता यूनिट प्रधान अमरदीप बनवाला ने की, जबकि मंच संचालन यूनिट सचिव अजय कौशिक ने किया। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए यूनिट प्रधान अमरदीप बनवाला ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा बिजली विभाग में ऑनलाइन बदली प्रक्रिया शुरू की गई है, जो पहले क्लेरिकल स्टाफ पर लागू की गई थी। इसके बाद जेई को भी ऑनलाइन बदली के दायरे में लाया गया और अब सरकार फोरमैन व लाइनमैन को भी इस प्रक्रिया में शामिल करना चाहती है।
उन्होंने कहा कि बिजली विभाग में लाइनमैन स्टाफ की ऑनलाइन बदली से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाएगी, क्योंकि बदली के बाद जब कोई कर्मचारी नई लाइन पर कार्य करेगा तो वहां त्रुटि की संभावना अधिक रहेगी, जिससे जान-माल का खतरा बढ़ सकता है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि हाल ही में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने के संबंध में हरियाणा सरकार को निर्देश जारी किए हैं।
इस मौके पर सर्कल सचिव कृष्ण जेई, कैथल जिला के ज्वाइंट सेक्रेटरी शीशराम जेई, कलायत सब यूनिट प्रधान सुखदेव जांगड़ा, सचिव सतीश दिल्लोवाली, प्रदीप लाइनमैन, सिटी-2 के प्रधान भूषण चावला, कैशियर कर्मचंद लाइनमैन तथा राम कुमार सहित कई पदाधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
गरजे बिजली कर्मी
गुहला-चीका। केंद्रीय कमेटी के आवाहन पर अपनी मांगों को लेकर वीरवार को ऑल हरियाणा पॉवर कॉर्पोरेशन वर्कर यूनियन संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा यूनिट गुहला की पूरी कार्यकारिणी भूख हड़ताल पर बैठी।
भूख हड़ताल में अभिषेक शर्मा, बलजिंदर सीड़ा, संदीप सिंह, श्यामलाल, सुखविंदर सिंह, सुखदेव सिंह, अनुज पारस, सतीश आदि मौजूद रहे। इस भूख हड़ताल में गुहला, चीका व सीवन यूनिट के पदाधिकारियों ने भी भाग लिया।