संवाद न्यूज एजेंसी
ढांड। महाराजा अग्रसेन चौक से बिजली बोर्ड चौक सड़क पर बने गहरे गड्ढे किसानों व ग्रामीणों के लिए परेशानी बने हुए हैं। किसान राम कुमार, तरसेम सिंह, प्रवीण कुमार, देश राज, कुलदीप, वेदप्रकाश, ईश्मा, जगदीश, बलवान, सतपाल ने इस पर नाराजगी जताते हुए इसे सुधरने की मांग की।
उन्होंने बताया कि बिजली बोर्ड चौक से अनाज मंडी जाने वाली सड़क अग्रसेन चौक तक टूटी पड़ी है। सड़क में गहरे गड्ढे बने हुए हैं। इस बीच धान का सीजन जोरों पर है। किसान दिन-रात धान से भरी ट्राली लेकर मंडियों में पहुंच रहे हैं लेकिन सड़क की खस्ताहालत से परेशान हो रहे हैं। दरअसल, धान से भरी ट्रैक्टर ट्राली पलटने का उन्हें भय बना रहता है।
नाराज किसानों का कहना है कि धान के सीजन से पहले सरकार अनाज मंडियों में साफ सफाई एवं तमाम मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने व सड़कों को दुरुस्त करने की बात कहती है, लेकिन धरातल पर देखने के पता चलता है कि सड़कों की वास्तविक स्थिति क्या है। किसानों ने बताया कि संबंधित अधिकारियों से इस सड़क की मरम्मत करने की मांग कर चुके हैं लेकिन नतीजा सिफर है। किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि धान के सीजन को ध्यान में रखते हुए टूटी हुई सड़कों की मरम्मत करवाई जाए।
लोक निर्माण विभाग के एसडीओ रविंद्र ने कहा कि जल्द ही सड़क की मरम्मत करवा दी जाएगी। सीजन के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी।