कैथल। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने एक बार फिर से यूजी, पीजी में दाखिले के लिए दाखिला पोर्टल खोल दिया है। यह पोर्टल 27 अक्तूबर की रात तक खुला रहेगा। इसके लिए उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने सभी सरकारी, एडिड व सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों को पत्र जारी कर दिया है। निदेशालय के अनुसार विद्यार्थी 27 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
छात्र ग्रेजुएशन के पहले, दूसरे और तीसरे वर्ष और पोस्ट ग्रेजुएशन के पहले और दूसरे वर्ष में दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं। पत्र में कहा गया है कि छात्रों और कॉलेजों से मिले अनुरोधों के बाद प्रवेश पोर्टल को पुनः खोला गया है ताकि जो विद्यार्थी पिछली बार आवेदन नहीं कर पाए थे, वे दाखिला ले सकें। इससे पहले निदेशालय की तरफ से 30 सितंबर तक विभिन्न कॉलेजों की सभी कक्षाओं की खाली सीटों को भरने के लिए एडमिशन पोर्टल खोला गया था। डॉ. भीम राव आंबेडकर कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. मनोज भाम्भू ने बताया कि कॉलेज में लगभग 15 से 20 प्रतिशत सीटें खाली पड़ी हुई हैं, इच्छुक उम्मीदवार आकर अपना आवेदन कर सकते हैं। संवाद