वीडियो कमुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए ई-सचिवालय पोर्टल का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि इस पोर्टल के माध्यम से हरियाणा का कोई भी नागरिक अपनी समस्या व सेवाओं के लिए मंत्री व उच्चाधिकारियों से ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेकर अपने मोबाइल के जरिए वीडियो कांफ्रेंस से बात कर सकता है। कोविड-19 के दृष्टिगत सामाजिक दूरी का ध्यान रखते हुए हरियाणा में यह अनूठी पहल की शुरूआत की गई है। इस व्यवस्था से घर बैठे ही आमजन अपनी समस्या का निवारण व सेवाओं का लाभ ले सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 को देखते हुए हरियाणा के लोगों के लिए एक प्लेटफॉर्म तैयार किया गया, जिसको ई-सचिवालय नाम दिया गया। यह सुशासन का संकल्प में एक नया अध्याय जोड़ा गया है। इस व्यवस्था से लोगों की धन, ऊर्जा व समय की बचत होगी और उनकी सेवा व समस्या का समाधान होगा। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण करवाकर रक्तदान करके अपना अहम योगदान दें। इस मौके पर डीसी सुजान सिंह, एडीसी सतबीर सिंह कुंडू, जिला राजस्व अधिकारी सुरेश कुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी जसविंद्र सिंह, तहसीलदार सुदेश मेहरा व अन्य अधिकारी मौजूद थे।
डीसी सुजान सिंह ने बताया कि पोर्टल के माध्यम से कोई भी व्यक्ति मंत्री व उच्च अधिकारी से वीडियो कांफ्रेंस के जरिए बातचीत करने के लिए अपॉइंटमेंट ले सकता है। नागरिक को सबसे पहले सरल पोर्टल पर पंजीकरण करवाना होगा। पंजीकरण के दौरान आधार कार्ड व समस्या या सेवा संबंधित आवेदन अपलोड करवाना होगा। इसके बाद मोबाइल पर नागरिक को लिंक व जुड़ने का समय भेजा जाएगा।