संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की घोषणा के बाद सोमवार को आयुष्मान कार्ड बनाने का पोर्टल खुल चुका। अब मंगलवार से आयुष्मान कार्ड बनने की प्रक्रिया शुरू होगी। इस शर्त के बाद जिले के हजारों परिवारों को इसका फायदा मिलेगा। स्वतंत्रता दिवस के जिलास्तरीय समारोह में शिविर लगाकर कार्ड बनाए जाएंगे।
अब सरकार ने आयुष्मान योजना के तहत एक लाख 80 हजार से तीन लाख रुपये की आय की शर्त कर दी है। इस पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस पर यह कार्ड बनाएं जाएंगे। सरकार की इस योजना के तहत अब तीन एक लाख 80 हजार से तीन लाख रुपये तक की आय वाले परिवारों को इस कार्ड को बनवाने के लिए 1500 रुपये का आंशिक अनुदान भी देना होगा।
स्वास्थ्य विभाग के उप सिविल सर्जन डॉ. नीरज मंगला ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर समारोह के कार्यक्रम में अलग से काउंटर लगाया जाएगा। इस काउंटर पर ही आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन लिए जाएंगे। मंगला ने बताया कि मुख्यमंत्री ने फतेहाबाद जिले से इस कार्य की शुरूआत कर दी है। अब अन्य जिलों में भी आयुष्मान कार्ड बनाने शुरू कर दिए जाएंगे।