युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रदेश की भाजपा सरकार के एक साल का कार्यकाल पूरा होने पर काला दिवस मनाया। कार्यकर्ताओं ने जवाहर पार्क में एकत्रित होकर रोष प्रकट किया। यूथ कांग्रेस के हलका अध्यक्ष रामफल नौच ने प्रदर्शन की अध्यक्षता की। हरमनदीप सिंह वीर्क विशिष्ट अतिथि रहे।
रामफल नौच ने कहा कि आज प्रदेश सरकार को पूरा एक साल हो चुका है मगर इस राज मेें महंगाई थमने का नाम नहीं ले रही। अरहर की दाल जो पहले 80 रुपये प्रति किलो थी वह आज बढ़कर 200 रुपये हो गई है। सब्जियों व दालों की कमोवेश यही हालत है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार गरीब का गला घोंटने पर उतारू है।
इस सरकार में किसान, मजदूर, कर्मचारी, व्यापारी दुखी हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा प्रांत में चारों तरफ बिजली बिलों के खिलाफ हाहाकार मचा हुआ है, गरीब व मध्यमर्गीय परिवारों के बिजली बिलो में भाजपा सरकार द्वारा 40 प्रतिशत की वृद्धि कर दी गई है।
लगभग यही हाल दुकानदारों, व्यापारियों व लघु उद्योगों का भी है, जो भाजपा सरकार की जन विरोधियों नीतियों के चलते बंद होने की कगार पर हैं, छोटे से छोटे घर में रहने वाले साधारण व्यक्ति का बिजली बिल 6000 से 10000 हजार रुपये प्रति महीना आ रहा है। इसके बाद कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए जवाहर पार्क से पिहोवा चौक पहुंचे। जहां सीएम का पुतला जलाया।
इस अवसर पर डा. श्याम शाहनी, सुरजीत बैनीवाल, धर्मपाल ठेकेदार, विकास गुगलानी, राजेन्द्र, सतीश, बलवंती, सतपाल, रमेश सजूमा, प्रदीप, अमन सहित यूथ कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता मौजूद रहे।