फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पैंतीस सेकेंड तक थम सी गई जिंदगी

Mon, 26 Oct 2015 11:27 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला कैथ्ाल
विज्ञापन
विज्ञापन
सोमवार दोपहर को आए भूकंप से जिले भर में हड़कंप मच गया। करीब 35 सेकेंड में तीन बार धरती हिली। इससे लोगों में दहशत फैल गई। लोग सड़कों और खुली जगहों की ओर भागे।
विज्ञापन


काफी देर तक लोग दहशत के मारे घरों से बाहर रहे। भूकंप से जिले में जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है लेकिन इन झटकों ने लोगों के दिलों को दहला दिया।

सोमवार दोपहर 2:43 बजे अचानक सबकुछ हिलने लगा। कार्यालयों में कुर्सियां, मेज, घरों में अलमारी, पंखे, बेड, फ्रिज, बर्तन अपने आप हिलने लगे तो लोगों में हड़कंप मच गया। पहली बार काफी तेज झटके महसूस हुए। इसके करीब 5 से 6 सेकेंड बाद दोबारा झटके महसूस किए गए जो कुछ हलके थे।

तीसरी बार फिर से 10 से 12 सेकेंड के अंतराल के बाद भूकंप के झटके लगे। भूकंप में जहां सामान, भवन हिल रहे थे, वहीं लोगों के सिर भी चकराने लगे।

सोचा चक्कर आ रहे हैं
गृहिणी अनीता ने बताया कि वह घर के आंगन में बैंच पर बैठी थीं कि अचानक बैंच हिलने लगा। उसे लगा कि उसे चक्कर आ रहे हैं। बाद में देखा तो सब कुछ हिल रहा था। इतने जोर के झटके पहली बार महसूस हुए हैं। यह खतरनाक स्तर का भूकंप था।
विज्ञापन


स्वास्थ्यकर्मी सर्बजीत कौर ने बताया कि वे गांव सैर के उप स्वास्थ्य केंद्र में काम कर रही थीं कि अचानक रजिस्टर एवं सब कुछ हिलने लगा। काफी देर तक हिलने के कारण उन्हें खतरा महसूस हुआ तो वे बाहर निकल आए। उन्होंने जीवन में पहली बार भूकंप के झटके महसूस किए हैं।

निजी कंपनी में कार्यरत शीशपाल ने बताया कि वे अपने कंप्यूटर पर काम कर रहे थे कि अचानक कुर्सी हिलने लगी। देखा तो कंप्यूटर भी हिल रहा था। इसके बाद उन्हें लगा कि भूकंप आ गया है। वे दौड़कर बाहर निकले। शहर वासी दीपक वर्मा ने तो भूकंप के झटकों में हिल रहे पंखे व अन्य सामान का वीडियो भी बना लिया। साथ ही बच्चों को भवन से बाहर निकाल दिया।

खाना खा रहे थे डीसी
डीसी केएम पांडुरंग ने कहा कि वे उस समय खाना खा रहे थे। उन्होंने महसूस किया कि अचानक सबकुछ हिल रहा है। यह भूकंप ही था। भूकंप की तीव्रता के लिए कैथल में कोई विशेष पैमाना नहीं है। जहां से यह उत्पन्न हुआ, वहां इसकी तीव्रता 7.5 के लगभग बताई जा रही है। यहां भी कम से कम 7.0 के रिएक्टर स्केल का भूकंप था। काफी तेज झटके महसूस हुए हैं।

पुलिस स्टाफ ने कर ली थी सचिवालय से कूदने की तैयारी
जैसे ही भूकंप आया तो पुलिस स्टाफ लघु सचिवालय में एसपी के नेतृत्व में बरामदे में एकत्रित हो गया। अधिकारियों के अनुसार यदि भूकंप ज्यादा तेज होता तो अधिकतर ने कूदने की भी तैयारी कर ली थी।
एसपी कृष्ण मुरारी ने बताया कि वे कार्यालय में बैठे हुए थे। जैसे ही भूकंप आया। स्टाफ के साथ बरामदे में एकत्रित हो गए थे। लगातार भवन को देखते रहे। यदि स्थिति गंभीर होती तो कोई न कोई रास्ता निकालते, जिससे लोगों की जान बचाई जा सके।

तीव्र झटकों से चीका में बना दहशत का माहौल
दोपहर करीब पौने तीन बजे अचानक आए भूकंप के तीव्र झटकों से चीका में दहशत का माहौल बना गया। लोगों को जैसे ही भूकंप आने का अहसास हुआ तो चारों तरफ हड़कंप मच गया। लोग सड़कों पर उतर आए और स्कूलों में छुट्टी कर दी गई। राइस मिलों की चिमनियां हिल गईं और मिल में काम कर रहे मजदूर मिलों को छोड़कर खुले में भाग आए। अनाज मंडी व राइस मिलों में लगाई गई धान की बोरियों के स्टाक भी धरती पर आ गिरे। सड़क पर चलते वाहन रुक गए और कुछ पलों के लिए जिंदगी ठहर सी गई। भूकंप का दूरसंचार सेवाओं पर भी असर दिखाई दिया। परंतु इसके बावजूद कहीं से भी कोई जानी व माली नुकसान की कोई भी सूचना नहीं है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें