विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र कैथल की रिटर्निंग अधिकारी व एसडीएम कमलप्रीत कौर ने क्षेत्र के हर मतदान केंद्र पर तैनात बूथ स्तर अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आयोग की हिदायतों अनुसार तीन दिनों में अपने-अपने मतदान केंद्र के सभी मतदाताओं को वोटर स्लिप वितरित करें। कमलप्रीत कौर लघु सचिवालय में बूथ स्तर अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रही थी। उन्होंने कहा कि सभी बूथ स्तर अधिकारी हर रोज वितरित की गई मतदाता स्लिप की पूर्ण रिपोर्ट प्रतिदिन भिजवाएं, जो आयोग द्वारा नियुक्त किए गए पर्यवेक्षकों को भेजी जाएगी। सभी बूथ स्तर अधिकारी किसी भी राजनीतिक पार्टी या चुनाव प्रत्याशी के कार्यक्रम से दूर रहे । उनके मतदान केंद्र तक जाने वाले रास्ता सुविधा जनक हो और यदि किसी भी प्रकार की समस्या है तो वे इसका समाधान करवाएं। बूथ स्तर अधिकारी अपने मतदान केंद्र के प्रवेश द्वार पर अधिकारी का नाम, मोबाइल नंबर, मतदान केंद्र का नाम, संख्या, मतदान तिथि, दिन व समय को अवश्य अंकित करें। हर बूथ स्तर अधिकारी द्वारा मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित किया जाएगा, जिसके लिए बैनर तैयार करवा लिए गए हैं। अधिकारी अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत मतदाताओं की सूची को भी अपडेट करके 17 अक्टूबर तक अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। सहायक रिटर्निंग अधिकारी प्रथम एवं कैथल के तहसीलदार नरेंद्र दलाल व चुनाव नायब तहसीलदार शमशेर सिंह ने भी बीएलओ को विशेष जानकारी दी। इस अवसर पर सभी बूथ स्तर अधिकारियों को संबंधित मतदान केंद्रों की मतदाता स्लिप वितरित की गई।