कैथल। पुलिस की ओर से जुलाई माह में सोमवार से ऑपरेशन स्माइल नाम से मुहिम चलाई गई है। इस दौरान पहले दिन महिला सहित चार बच्चों को ढूंढकर उनके परिजनों के हवाले कर दिया। घर वालों को पाकर सबके चेहरे खिल गए।
ऑपरेशन स्माइल नाम से मुहिम के तहत गुमशुदा, बाल मजदूर. या अन्य प्रकार से शोषित बच्चों व महिलाओं को ढूंढकर पुलिस उनके परिजनों तक पहुंचाकर उनकी मुस्कान लौटाने का काम करती है। मुहिम के लिए कैथल पुलिस से एक टीम का गठन किया गया है। टीम में पीएसआई सुमित, एसआई ईश्वर सिंह, एसआई विरेंद्र कुमार, एसआई राजेश, लेडी एचसी सरोज व महिला सिपाही शीतल शामिल हैं।
एसपी उपासना ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मानव तस्करी के बारे में जागरूकता और नागरिकों को मानव तस्करी के बारे में किसी भी संदिग्ध गतिविधि का पता चलने पर उसकी रिपोर्ट करने के लिए प्रोत्साहित करना है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना सदर क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति की शिकायत अनुसार उसकी 25 वर्षीय बेटी छह महीने से उसके पास रह रही थी। वह 29 जून को अपनी चार बेटियों के साथ बिना बताए घर से कहीं चली गई थी। प्रवक्ता ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान तहत पुलिस टीम ने उक्त महिला सहित उसकी बेटियों को गांव कैलरम से ढूंढ लिया। संवाद