संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत/कैथल। कलायत के कैथल मार्ग स्थित ब्लू स्टार होटल में बाहर से युवतियों को बुलाकर अनैतिक गतिविधियां करवाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शुक्रवार रात होटल में दबिश देकर तीन युवतियों, दो ग्राहकों और दो होटल संचालक को हिरासत में लिया। डीएसपी मुख्यालय वीरभान ने बताया कि पूछताछ के दौरान सामने आई जानकारी के आधार पर जींद जिले के करसिंधू निवासी सोनू और खरल निवासी अनिल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उनके अनुसार, दोनों पर आरोप है कि वे कैथल, जींद सहित अन्य स्थानों से युवतियों को होटल में बुलाते थे और ग्राहकों से रुपये लेकर युवतियों को कमीशन देते थे। डीएसपी मुख्यालय वीरभान की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। डीएसपी ने बताया कि ब्लू स्टार होटल में अनैतिक गतिविधियां करवाए जाने की शिकायतें पुलिस को मिल रही थीं। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने शुक्रवार रात होटल में अचानक दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान तीन युवतियां, दो ग्राहक और होटल संचालक मिले, जिन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। युवतियों से पूछताछ के दौरान सोनू और अनिल के नाम सामने आए। इसके बाद दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों को हिरासत में लिया गया। डीएसपी ने कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध या अनैतिक कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-
नाममात्र के होटल, घंटों के हिसाब से कमरे देने का आरोप
स्थानीय निवासियों के अनुसार, कलायत क्षेत्र में कई ऐसे होटल और ओयो सेंटर चल रहे हैं, जहां खान-पान या ठहरने की कोई वास्तविक सुविधा नहीं है। बाहरी तौर पर केवल बोर्ड लगाए गए हैं, जबकि अंदर बने आलीशान कमरों को कुछ ही घंटों के लिए भारी-भरकम राशि पर किराए पर दिया जाता है। क्षेत्र के लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे सभी संदिग्ध स्थानों पर निरंतर अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए, ताकि इलाके का माहौल स्वच्छ बना रहे।
एक साल में सात मामले सामने आए
जिले में होटल और मकानों में बाहर से महिलाओं को बुलाकर अनैतिक गतिविधियां करवाने के आरोप में पिछले करीब एक साल में सात मामले सामने आ चुके हैं। इस मामले से पहले 20 जुलाई को करनाल बाईपास स्थित फाइव स्टार होटल में पुलिस ने तीन युवक और तीन युवतियों को अलग-अलग कमरों से पकड़ा था। इसके अलावा 19-20 मई को प्योदा रोड चुंगी के पास ए-वन होटल में पुलिस ने फर्जी ग्राहक भेजकर सूचना की पुष्टि करने के बाद छापा मारा था। यहां तीन महिलाओं और एक युवक को पकड़ा गया था। होटल संचालक मुकेश और सोनू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
गुहला में मकान से भी पकड़े गए थे छह लोग
10-13 अप्रैल को गुहला के डेरा भाग सिंह क्षेत्र स्थित एक मकान में बाहर से महिलाओं को बुलाकर अनैतिक कार्य करवाने की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा था। यहां तीन महिलाएं और तीन पुरुष मिले थे। मामले में सुमन को गिरफ्तार किया गया था, जबकि दर्शन सिंह की गिरफ्तारी की भी जानकारी सामने आई थी। 21 दिसंबर 2025 को गुहला रोड स्थित एक होटल से चार लड़कियों और दो युवकों को पकड़ा गया था। लड़कियां आपत्तिजनक हालत में नहीं मिली थीं, लेकिन होटल मालिक के खिलाफ अनैतिक कार्य करवाने का प्राथमिकी दर्ज की थी।