संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। दंगा नियंत्रण के लिए बनाई गई रैपिड एक्शन पुलिस फोर्स को पुलिस लाइन कैथल में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस जवानों ने कई अभ्यास किए।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एसपी राजेश कालिया के नेतृत्व में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला पुलिस से तीन कंपनियों का गठन किया गया है। कंपनियों में दो पुरुष कंपनी, एक महिला कंपनी व एक शूटर टीम बनाई गई है। कंपनी के जवान लाठी, डंडा, टियर गैस और सक्षम आधुनिक हथियार के साथ एक कॉल की तैयारी की पोजीशन में रहेंगे। सभी कंपनियों को पुलिस लाइन कैथल में प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिसके दौरान विभिन्न प्रकार की फॉर्मेशन बनाना, भीड़ को नियंत्रण करना, आंसू गैस चलाना, हथियारों बारे आदि जानकारी दी जा रही है।
यह प्रशिक्षण डीएसपी सुशील प्रकाश की देखरेख में सीडीआई एएसआई अजय, हरियाणा पुलिस एकेडमी से आए एसआई रोहताश व एएसआई सुरेंद्र द्वारा दिया जा रहा है। डीएसपी सुशील प्रकाश ने कहा कि अगर जिले में कानून व्यवस्था के लिए कोई दिक्कत आती है तो ये पुलिस बल किसी भी प्रकार की परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहेगी। अगर कहीं पर भी असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश करते हैं तो उनके साथ कानूनी कार्रवाई तहत सख्ती से निपटा जाएगा। भविष्य में भी समय-समय पर इन कंपनियों का अभ्यास व प्रशिक्षण जारी रखा जाएगा।