कैथल। साइबर थाना पुलिस टीम ने बस स्टैंड पर राहगीरी साइबर जागरूकता अभियान के तहत आमजन सहित छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध के बारे में जागरूक किया।
इस दौरान साइबर थाना पुलिस के एएसआई जसबीर सिंह, सिपाही मनीष व सिपाही विरेंद्र ने बताया कि विद्यार्थी वर्ग हरियाणा पुलिस के सोशल मीडिया के आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर कैथल पुलिस एवं ट्विटर पर साइबर दोस्त को लाइक करके पुलिस से संबंधित सभी जानकारियों से अपडेट रह सकते हैं। अगर लापरवाही के कारण कोई साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करवाएं।
पुलिस टीम ने जानकारी दी कि आधुनिकता के युग में आज हर क्षेत्र का डिजिटलीकरण हो गया है। अपराधी किस्म के लोग इसमें सेंध लगाकर साइबर अपराध कर आम आदमी के साथ नए तरीके अपनाकर ठगी कर रहे हैं। इन्हें रोकने के लिए हम सबको मिलकर सांझे प्रयास करने होंगे। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे किसी भी प्रकार से प्राप्त हुए संदेश, ईमेल इत्यादि पर दिए गए प्रलोभन या विश्वास में आकर अपनी कोई भी निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। संवाद