कैथल। पुलिस ने गलत लेन में वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ एक अभियान चला कर जहां चालकों को जागरूक किया, वहीं पर लाइन बदलने के 36 वाहन चालकों के चालान काटे गए। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एसपी राजेश कालिया ने सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने व नियमों को लेकर अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं। वाहन चालकों को जागरूक किया गया कि वाहनों के सुचारू-रूप से आवागमन के लिए मोटर वाहन अधिनियम के अन्तर्गत निर्धारित गति सीमा व लेन में चलें। प्रवक्ता ने कहा कि यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों का चालान करने के अभियान आगे भी जारी रहेगा। संवाद-
बिना नंबर प्लेट की बाइक पकड़ी
कैथल। जिले में यातायात पुलिस की ओर से यातायात नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसा जा रहा है। इसके तहत पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में बुधवार को भी यातायात की पुलिस ने ट्रैक्टरों पर लगे हुए बड़े-बड़े स्पीकर उतारे। इसके साथ ही बिना नंबर प्लेट की बाइक का 11 हजार रुपये का चालान किया। इससे पहले रविवार को भी पुलिस ने मोडिफाइड की गई एक बोलेरो गाड़ी का 23 हजार रुपये का चालान किया था। इस गाड़ी को थार का रूप दिया गया था। यातायात पुलिस प्रभारी राजकुमार राणा ने बताया कि शहर में कई युवा अपने शौक के चलते यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते हैं। इस पर ही कार्रवाई करते हुए चालान काटे जा रहे हैं। संवाद