संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन। एसपी कैथल आस्था मोदी के आदेशानुसार क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के उद्देश्य से सीवन थाना पुलिस की ओर से सीवन नगर और थाना क्षेत्र के अधीन आने वाले विभिन्न गांवों में पेट्रोलिंग की गई।
पेट्रोलिंग के दौरान थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए कहा कि इस समय कुछ असामाजिक तत्व गलत अफवाह फैला सकते है, जिससे हमें सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और केवल पुलिस या प्रशासन की आधिकारिक सूचना पर ही विश्वास करें।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि अगर कोई व्यक्ति सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाहें फैलाता हुआ पाया गया, तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस सदैव आपकी सुरक्षा के लिए तत्पर है। समाज में शांति बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस की उपस्थिति से आम लोगों में विश्वास बढ़ा और स्थानीय निवासियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की। यह कार्रवाई संभावित कानून-व्यवस्था की चुनौतियों से निपटने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से की गई।