संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत पुलिस ने सीआरपीएफ के साथ मिलकर शहर क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान डीएसपी हेडक्वार्टर बीरभान ने बताया कि फ्लैग मार्च के दौरान नागरिकों को संदेश दिया गया कि किसी भी व्यक्ति को कानून-व्यवस्था व शांति भंग करने की किसी सूरत में अनुमति नहीं दी जाएगी। मतदान के लिए जागरूक भी किया गया।
फ्लैग मार्च के दौरान नागरिकों को जागरूक किया गया कि वे झूठी अफवाहों पर ध्यान न दें, निर्भीक होकर मतदान करें। फ्लैग मार्च का उद्देश्य पुलिस की उपस्थिति दिखाकर महिलाओं व आम लोगों विशेषकर कमजोर वर्गों मध्य सुरक्षा की भावना पैदा करने सहित कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना रहा। डीएसपी ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिला प्रशासन व स्थानीय पुलिस सजगता के साथ कार्य कर रही है, जिसके तहत लोगों को निर्भीक होकर स्वेच्छानुसार बढ़-चढक़र मतदान करने के लिए कहा जा रहा है।
जनता को अधिकाधिक संख्या में मतदान करने के लिए प्रेरित किया। इसके अतिरिक्त गुहला-चीका, ढांड व कलायत में भी फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च प्रत्येक गांव में निकाला जाएगा।