संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार को भी एक और मरीज पाया गया, जो गांव बढ़सीकरी कलां में पॉजिटिव मिला है। अब जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या तीन हो गई है। दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग की टीमें बचाव और जागरूकता कार्यों में लगी हुई हैं, लेकिन फिर भी केस बढ़ रहे हैं।
शुक्रवार को विभाग के कर्मचारियों ने नौ हजार 89 घरों व दुकानों में डेंगू के लारवा की जांच की, जिसमें 16 जगहों पर लारवा मिला। मालिकों को नोटिस दिया गया कि वे सफाई का विशेष ध्यान रखें। 19 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लेकर डेंगू जांच के लिए लैब में भेजे गए। अब तक 1767 संदिग्ध मरीजों के डेंगू के सैंपल लिए गए हैं। अब तक 1693 जगहों पर मच्छर का लार्वा मिल चुका है।
सिविल सर्जन डॉ. रेनू चावला ने कहा कि घर के आसपास या घर के अंदर भी पानी न जमा होने दें।
कूलर में अगर पानी है, तो उसमें कटा हुआ तेल डालकर रखें। इससे मच्छर पनपने की संभावना कम हो जाती है। पानी की टंकियों को खुला न छोड़ें, अच्छी तरह ढक कर रखें। अपने आसपास सफाई का विशेष ध्यान रखें।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष डेंगू के 118 संक्रमित केस मिले थे। अब डेंगू के तीन केस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ी है।