संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। दुकानों से कपड़ा चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने दबोचा। उनकी पहचान पंजाब के संगरूर निवासी अर्जुन व नीरज के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने कपड़े की दुकानों पर सात चोरी की वारदातें कबूलीं हैं। पुलिस के मुताबिक, एक आरोपी कपड़े चोरी करता था और दूसरा उन्हें बेचता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लिया है।
सीआईए-2 थाना में पत्रकारों को इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी मुख्यालय उमेद सिंह ने बताया कि जिला कुरुक्षेत्र के गांव थाना निवासी प्रवीन कुमार की शिकायत के अनुसार मेन बाजार सीवन में उसकी रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। वहां 27 अक्तूबर की रात अज्ञात व्यक्ति दुकान से पेंट-शर्ट, लेडीज सूट व करीब 50 हजार रुपये चुरा ले गए थे। थाना सीवन में यह मामला दर्ज कराया था। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने आरोपियों पंजाब के संगरूर निवासी अर्जुन व नीरज को गिरफ्तार किया।
डीएसपी ने बताया कि अर्जुन मुख्यारोपी है जो चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। उससे प्रारंभिक पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि उसने इस चोरी के अतिरिक्त कैथल में छात्रावास रोड व कैथल स्थित एक बर्तन की दुकान से पांच अक्तूबर की रात नकदी चुराई थी। 23 सितंबर की रात चीका से एक दुकान से आरोपी ने रेडिमेड कपड़ा व नकदी चुराई गई थी। आरोपी ने अंबाला से दो दुकानों से कपड़ा चोरी करना कबूल किया है।
पूछताछ में आरोपी अर्जुन ने बताया कि उसने रोहतक पीजीआई के लिए हिसार से एक गाड़ी बुक की थी। रास्ते में ड्राइवर को नशा देकर वह गाड़ी को लेकर भाग गया था। आरोपी ने पंजाब से भी एक दुकान से कपड़ा चोरी करना कबूल किया। आरोपी अर्जुन ने नीरज की मार्फत संगरूर में कमरा किराए पर ले रखा था और उस कमरे पर चोरी का कपड़ा रखा जाता था। आरोपी नीरज कमीशन की एवज में कपड़ा बेचता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।